
ग्वालियर रिपोट निशांत तिवारी
ग्वालियर। कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया द्वारा बहन-बेटियों पर दिए गए विवादित और आपत्तिजनक बयान को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे कांग्रेस की ओछी और विकृत मानसिकता का प्रत्यक्ष उदाहरण बताया है। सांसद कुशवाह ने मांग की है कि इस शर्मनाक बयान के लिए कांग्रेस विधायक पर तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए क्योंकि उनके अनुसार अपराध करने वाला छोटा लेकिन अपराध को उकसाने वाला बड़ा होता है।
सांसद कुशवाह ने कहा कि कांग्रेस विधायक के बयान ने कांग्रेस की असली मानसिकता को सामने ला दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस समाज में नफरत और विभाजन पैदा करने का काम कर रही है और बहन-बेटियों को लेकर ऐसे स्तरहीन और अमर्यादित बयान देना पूरी तरह कांग्रेस की चाल चरित्र और चेहरा उजागर करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान से महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंची है जो किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं हो सकता।
भाजपा सांसद ने राहुल गांधी को भी घेरा और उनसे मांग की कि कांग्रेस विधायक को तुरंत पार्टी से बाहर किया जाए। सांसद ने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में महिलाओं के सम्मान की बात करती है तो उसे बिना किसी देरी के इस मामले में कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने दोहराया कि इस बयान पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए और विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जानी आवश्यक है ताकि ऐसे बयान देने वालों पर कानून का शिकंजा कस सके।
सांसद कुशवाह ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस की ऐसी घटनाओं और बयानों के कारण ही कांग्रेस आज राजनीतिक रूप से प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में विलुप्ति की कगार पर पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि जनता अब ऐसे दोहरे चरित्र और बयानबाज नेताओं को समझ चुकी है इसलिए चुनावी मैदान में कांग्रेस लगातार कमजोर होती जा रही है।

