
ग्वालियर में 71 वर्ष की बुजुर्ग विधवा मुस्लिम महिला अपने ही छोटे बेटे की शिकायत लेकर पुलिस जनसुनवाई में पहुंची। पीड़िता ने बेटे पर मारपीट व आर्थिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। मामला बहोड़ापुर थाना क्षेत्र का है।
मलका खान नाम की बुजुर्ग महिला ने बताया कि उसके पति का कुछ समय पहले निधन हो चुका है। पति के जाने के बाद वह अपने मकान के तीन किरायेदारों से मिलने वाले किराए पर अपना गुजारा करती है। पीड़िता का आरोप है कि उसका छोटा बेटा पप्पू खान उससे किराए के रुपए छीन लेता है और विरोध करने पर बेरहमी से मारपीट करता है।
वहीं जब बीच बचाव करने महिला का बड़ा बेटा और बहू पहुंचे तो छोटे बेटे ने उनके साथ भी मारपीट की। पूरी घटना मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़िता के मुताबिक मामले की शिकायत बहोड़ापुर थाना ले जाई गई लेकिन पुलिस ने केवल एनसीआर काटकर बात खत्म कर दी और कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
महिला का कहना है कि कार्रवाई ना होने के कारण बेटा लगातार प्रताड़ित कर रहा है और उसकी जान को भी खतरा है। थाने से न्याय ना मिलने के बाद पीड़िता मंगलवार को पुलिस की साप्ताहिक जनसुनवाई में पहुंची और अपने साथ हुए अत्याचार को बताते हुए न्याय की गुहार लगाई। साथ ही पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपे
सीसीटीवी फुटेज जनसुनवाई पुलिस
पीड़िता की शिकायत सुनने के बाद IPS अनु बेनीवाल ने संबंधित थाना प्रभारी को जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

