
दतिया ज़िले में बे मौसम बारिश के बाद एक नहर में मगरमच्छ निकलने से ग्रामीण इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मामला सेंबढ़ा ब्लॉक के मलियापुरा गांव के पास का है जहां ग्रामीणों ने नहर में अचानक बड़े आकार का मगरमच्छ तैरते हुए देखा। जैसे ही खबर गांव में फैली नहर किनारे बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। कई लोग मोबाइल कैमरों में वीडियो बनाने लगे तो वहीं कुछ बच्चे और महिलाएं डर के कारण घरों में दुबक गए।
करीब एक घंटे तक मगरमच्छ नहर में इधर-उधर घूमता रहा। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक नहर में पहली बार इस तरह का जंगली जीव दिखाई दिया है। सूचना दिए जाने पर कुछ ग्रामीण रस्सियों और जाल की मदद से मगरमच्छ को पकड़ने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को जाल में फंसाकर सुरक्षित बाहर निकाला गया। पकड़ने के दौरान मगरमच्छ ने कई बार जाल तोड़ने की कोशिश भी की लेकिन ग्रामीणों की टीम ने शांत तरीके से उसे काबू में कर लिया।
घटना की जानकारी वन विभाग को भी भेज दी गई है।

