शाजापुर जिले के सलसलाई थाना क्षेत्र के ग्राम अलाई में अवैध उत्खनन रोकने पर दबंगों के कहर

: शाजापुर
(संवाददाता संजय शर्मा:

शाजापुर जिले के सलसलाई थाना क्षेत्र के ग्राम अलाई में अवैध उत्खनन रोकने पर दबंगों के कहर का मामला सामने आया है। नर्मदा पाइपलाइन का काम कर रहे ठेकेदार और उसके साथियों ने एक किसान के खेत से जबरन उपजाऊ मिट्टी निकालने का विरोध करने पर पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने न केवल उन्हें बेरहमी से पीटा, बल्कि बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और किसान की झोपड़ी को आग के हवाले कर दिया।

बिना नंबर के डंपरों से ‘मिट्टी का काला खेल’: पीड़ित किसान बाबूलाल मेवाड़ा ने पुलिस को बताया कि क्षेत्र में नर्मदा पाइपलाइन की आड़ में मिट्टी का अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। बिना नंबर प्लेट के ओवरलोड डंपर बेखौफ होकर खेतों से मिट्टी चोरी कर बाजार में बेच रहे हैं। जब बाबूलाल ने अपने खेत की मिट्टी ले जाने से मना किया, तो ठेकेदार प्रहलाद और उसके 7-8 साथियों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए बेटे को भी गंभीर चोटें आई हैं।

आगजनी और दहशत का माहौल: हमलावरों की हिमाकत इतनी बढ़ गई कि उन्होंने किसान के खेत पर बनी झोपड़ी में आग लगा दी, जिससे उसमें रखा पशुओं का चारा जलकर राख हो गया। दहशत फैलाने के लिए आरोपियों ने किसान पर बंदूक तान दी। पीड़ित परिवार ने सलसलाई थाने में आवेदन देकर सुरक्षा और कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *