मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के प्रयासों से बामनिया प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का होगा 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के रूप में उन्नयन —

पेटलावद क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सौगात मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रि परिषद की बैठक में पेटलावद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बामनिया को 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के रूप में उन्नयन करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।

इस महत्वपूर्ण निर्णय के तहत सिविल निर्माण कार्य, चिकित्सीय उपकरण एवं फर्नीचर के लिए 11.70 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस संबंध में उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया को पत्र प्रेषित कर स्वीकृति की जानकारी दी तथा इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बामनिया क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की स्थापना से स्थानीय नागरिकों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा इस स्वीकृति से पेटलावद क्षेत्र के हजारों नागरिकों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बनने से क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं, बेहतर उपचार सुविधाएं तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। साथ ही गंभीर मरीजों को उपचार के लिए अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता भी काफी हद तक कम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *