मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने पेटलावद विधानसभा को दी करोड़ों की सौगात, कई सड़कों का भूमिपूजन/शुभारंभ

सुश्री निर्मला भूरिया, महिला एवं बाल विकास मंत्री, मध्यप्रदेश शासन ने आज पेटलावद विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन/शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में पेटलावद विधानसभा क्षेत्र में निरंतर विकास कार्यों को गति दी जा रही है, जिससे ग्रामीण अंचलों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य तेजी से हो रहा है।

मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में अनेक योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सरकार की मंशा है कि अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे और कोई भी क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे।

इस दौरान रायपुरिया क्षेत्र अंतर्गत मातावाड़ा से सागड़िया मार्ग (लंबाई 1.50 कि.मी.) के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया, जिसकी लागत 128.68 लाख रुपये है।

इसके साथ ही मोहनपुरा–धतुरिया–झकनावदा–टिमायची मार्ग (लंबाई 40.10 कि.मी.) के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया, जिस पर 6153.08 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी। यह मार्ग क्षेत्र के अनेक गांवों को जोड़ते हुए विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।

इसी क्रम में डबड़ी फाटा से बैगनवड़ी मार्ग (लंबाई 1.20 कि.मी.) के निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया, जिसकी लागत 121.94 लाख रुपये है।

उन्होंने कहा कि इन सभी निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्रीय नागरिकों को सुगम एवं सुलभ आवागमन सुविधा प्राप्त होगी, साथ ही व्यापार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और अधिक सशक्त होगी, जिससे क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

सुश्री भूरिया ने यह भी उल्लेख किया कि पेटलावद विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन को लाभान्वित किया जा रहा है तथा आगामी समय में भी विकास कार्यों की गति इसी प्रकार निरंतर जारी रहेगी।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्री रमेश जी सोलंकी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री हेमंत भट्ट, मंडल अध्यक्ष रायपुरिया श्री लक्ष्मण मालीवाड़, मंडल अध्यक्ष श्री जितेंद्र राठौड़, मंडल अध्यक्ष श्री पप्पू जी गामड़, श्री अजमेर सिंह, श्री नवीनचंद्र सिंह, श्री सुखराम मोरी, श्री कृष्णपाल सिंह, श्री जितेन्द्र गेहलोत, श्री रमेश गुर्जर एवं श्री दुर्गादास सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *